कवर्धा , मई 12 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा संबंधी अपील के बाद कबीरधाम जिले में पुलिस विभाग ने एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह मंगलवार को साइकिल चलाकर अपने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने भी साइकिल से कार्यालय पहुंचकर अभियान में सहभागिता निभाई।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर ऊर्जा की बचत, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा दिया जा सकता है। इस पहल में उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। कबीरधाम पुलिस की इस पहल को आम नागरिकों के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि गुजरात के वड़ोदरा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने पर जोर दिया था। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग, वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कक्षाएं और वर्चुअल बैठकों जैसे उपाय अपनाने की अपील की थी। प्रधानमंत्री ने कहा था कि ऊर्जा बचत और आयात में कमी लाकर देश की विदेशी मुद्रा पर पड़ने वाले बोझ को कम किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित