कवर्धा , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित मुड़वाही गांव में बारिश के बीच मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान में अब तक 1,270 से अधिक ग्रामीणों की जांच की गई, जिसमें 35 लोगों में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में करीब छह बच्चे भी शामिल हैं जबकि 20 मरीजों का उपचार झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से गांव में मलेरिया को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में गांव में अलग-अलग बीमारियों से तीन लोगों की मौत हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों का कारण मलेरिया होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, मुड़वाही गांव में प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान मलेरिया का प्रकोप बढ़ने लगता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर जांच और उपचार शुरू किया है। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों की नियमित सफाई करने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा उबालकर पानी पीने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

बोड़ला बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम ने बुधवार को बताया, "सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया गया. अब तक 1,270 से अधिक लोगों की जांच में 35 मलेरिया पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से 20 मरीजों का झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है."उन्होंने कहा कि सभी मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है और गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लगातार उपचार व निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित