रायपुर , अक्टूबर 17 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शनिवार को कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम सहित कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नवरात्रि पर्व के अवसर पर श्री शर्मा ने ग्राम मढ़मढ़ा, मैनपुरी, नेवरीगुड़ा और सूरजपुरा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने देवी मंदिरों और पंडालों में पूजा-अर्चना करने के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली।

ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने दुर्गा पंडाल में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने दैहान के समीप तीन लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए साढ़े छह लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक नौ में साढ़े छह लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।

इसके अतिरिक्त उन्होंने मुक्तिधाम में शेड निर्माण, पटेल समाज भवन में रसोई शेड और दैहान के समीप एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की। गांव में सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्य कराने की भी घोषणा की गई।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ग्राम मैनपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्गा पंडाल में पूजा-अर्चना की और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

ग्राम नेवरीगुड़ा में उन्होंने नवरात्रि के अवसर पर स्थापित दुर्गा पंडाल का अवलोकन किया। यहां छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों, चारों धाम तथा भगवान राम और भगवान जगन्नाथ की झांकियां स्थापित की गई हैं।

इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने नेवरीगुड़ा में सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही ग्राम दुल्लापुर में दो लाख 60 हजार रुपये की लागत से दो अलग-अलग सीसी सड़कों के निर्माण तथा शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के समीप दो लाख रुपये की लागत से चारदीवारी निर्माण की घोषणा की।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों की मांगों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित