रायपुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ में कबीरधाम जिले के ग्राम गधहाभाटा का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर सोनपुर कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रविवार को ग्राम सोनपुर पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपते हुए इसकी औपचारिक जानकारी दी। इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि ग्रामवासियों की लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग थी। स्थानीय जनभावनाओं और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। मंत्रिमंडल की स्वीकृति और राज्यपाल की अनुमति के बाद नाम परिवर्तन संबंधी अधिसूचना का राजपत्र में प्रकाशन किया गया है।
उन्होंने कहा कि अब सोनपुर नाम सरकारी अभिलेखों और विभिन्न वेब पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से नए नाम को व्यवहार और दैनिक उपयोग में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नयी पहचान के साथ सोनपुर आगे बढ़ेगा।
श्री शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि वे स्थानीय इतिहास, संस्कृति और जनभावनाओं से भी जुड़े होते हैं। सोनपुर नामकरण ग्रामवासियों के आत्मसम्मान और क्षेत्रीय पहचान को मजबूत करने वाला कदम है। उन्होंने बताया कि जिले के चांडालपुर गांव का नाम भी बदलकर चंदनपुर किया गया है और उसका राजपत्र प्रकाशन भी हो चुका है।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास के लिए 7.50 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों की घोषणा की। इनमें सामुदायिक भवन मरम्मत के लिए 2.50 लाख रुपये, किचन निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये, गौठान समतलीकरण के लिए एक लाख रुपये तथा पचारी निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये शामिल हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के नवीन सर्वे का उल्लेख करते हुए कहा कि 24 जून को विशेष ग्राम सभा में पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम सभा में शामिल होकर योजना का लाभ सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष घुरवा राम साहू, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित