सेंट्रल नोएडा , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला क्षेत्र द्वितीय जोन सेंट्रल नोएडा के ककराला गांव में बुधवार को कबाड़ के गोदाम और खुले में पड़े कूड़े में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना फेस दो थाना क्षेत्र के पुस्तापार डूब क्षेत्र की बताई जा रही है।

अग्निशमन अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया गया कि बुधवार को अत्यधिक गर्मी और सूखे कचरे के कारण खुले में पड़े कबाड़ और कूड़े में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की छह गाड़ियों को लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, हालांकि देर शाम तक आग बुझाने और ठंडा करने का कार्य जारी रहा।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण अत्यधिक गर्मी और ज्वलनशील कबाड़ बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में खुले में कबाड़ और कूड़ा जमा होने के कारण पहले भी आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे गोदामों की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित