वाराणसी , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी की कोतवाली पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप मामले से जुड़े अभियुक्त मनोज कुमार यादव की आपराधिक गतिविधियों से अर्जित अचल संपत्तियों एवं बैंक खातों को मंगलवार को फ्रीज कर दिया। कुल फ्रीज की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 13 करोड़ 53 लाख 05 हजार 985 रुपये है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप के सिंडिकेट के सरगना शुभम जायसवाल को बढ़ावा देने में अभियुक्त मनोज कुमार यादव सक्रिय भूमिका निभा रहा था। थाना कोतवाली में दर्ज कफ सिरप संबंधित अभियोग में नामजद अभियुक्त मनोज कुमार यादव, निवासी औसानगंज, थाना जैतपुरा, जिला वाराणसी की विभिन्न अचल संपत्तियों एवं बैंक खातों पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त मनोज कुमार यादव ने भारी मात्रा में न्यू फेन्साडिल कफ सिरप को वाराणसी एवं आसपास के क्षेत्रों में फर्जी एवं कूटरचित ई-वे बिल तैयार करके नशीले पदार्थ के रूप में विभिन्न फर्मों के माध्यम से आपराधिक साजिश के तहत बेचा। इससे प्राप्त भारी आर्थिक लाभ से उसने अवैध रूप से अचल संपत्तियां खरीदीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित