सोनभद्र , जनवरी 31 -- अवैध नशीले कोडीन युक्त कफ सिरप के मुख्य तस्कर भोला प्रसाद जायसवाल एवं उसके संगठित गिरोह द्वारा अर्जित 5.77 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को न्यायालय के आदेश पर कुर्क कर लिया गया है। सोनभद्र पुलिस की यह कार्रवाई संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को बताया कि इससे पूर्व 23 जनवरी 2026 को अभियुक्त भोला प्रसाद जायसवाल की 28.50 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गई थीं। इसी क्रम में शनिवार को मड़ौली एवं भरलाई (तहसील सदर, सोनभद्र) तथा जगदीशपुर (तहसील पिंडरा, जनपद वाराणसी) स्थित मुख्य अभियुक्त और उसके परिजनों की सात अचल संपत्तियां, जिनकी अनुमानित कीमत 4,55,02,762 रुपये है, कुर्क की गईं। इसके अतिरिक्त चार वाहन (अनुमानित कीमत 51,16,000 रुपये) तथा 70,99,228 रुपये की बैंक जमा राशि भी जब्त की गई।
इस प्रकार 31 जनवरी 2026 की कार्रवाई में कुल 5,77,17,990 रुपये की संपत्ति अभिग्रहित की गई। पुलिस ने वाराणसी जिले के मड़ौली स्थित शारदा जायसवाल का मकान, ग्राम भरलाई शिवपुर स्थित भोला प्रसाद का मकान तथा जगदीशपुर पिंडरा में स्थित भोला प्रसाद एवं मनोज यादव की संपत्तियों को कुर्क किया है।
एसपी ने बताया कि संगठित अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित