कपूरथला , जुलाई 07 -- पंजाब में कपूरथला की मॉडर्न जेल में मंगलवार को दो विचाराधीन कैदियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। घटना के बाद जेल प्रशासन ने दोनों शवों को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गयी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों कैदियों की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका जतायी जा रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
सिविल अस्पताल की ड्यूटी डॉक्टर शैलजा ने बताया कि मोहन, पुत्र जसवीर, की तबीयत जेल में अचानक बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया, जहां जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसी तरह मुकेश, पुत्र जोगिंदर पाल, को भी तबीयत खराब होने पर अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिये जाएंगे।
मृतक मोहन की मां निर्मला ने बताया कि उनके पुत्र को जालंधर पुलिस ने तीन-चार दिन पहले गिरफ्तार किया था। सोमवार शाम परिवार को सूचना मिली कि उसकी तबीयत खराब है, लेकिन जब वह कपूरथला सिविल अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि मोहन की पहले ही मौत हो चुकी है।
पुलिस ने दोनों विचाराधीन कैदियों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित