कपूरथला , अगस्त 13 -- पंजाब के कपूरथला में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर गुरु नानक स्टेडियम में गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त वरिंदर पाल सिंह बाजवा ने परेड की अगुवाई करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट में शामिल टुकड़ियों की सलामी ली।
परेड कमांडर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) डॉ. शीतल सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस (पुरुष एवं महिला), पंजाब होम गार्ड्स, नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) स्काउट्स (लड़के एवं लड़कियां) सहित विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। मार्च पास्ट के बाद विभिन्न सरकारी स्कूलों के करीब 900 विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी शो प्रस्तुत किया। इसके उपरांत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समारोह में उत्साह और जोश भर दिया।
फुल ड्रेस रिहर्सल के तुरंत बाद अतिरिक्त उपायुक्त ने स्टेडियम में विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक कर जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को यहां आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त आकाश बंसल करेंगे।
श्री बाजवा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार और शानदार बनाने के लिए पूरी गंभीरता एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के सफल एवं निर्बाध आयोजन के लिए सूक्ष्म स्तर पर योजना बनाकर उसके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित