कपूरथला , जुलाई 21 -- पंजाब के कपूरथला जिले में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन से सात अगस्त तक पांच मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त आकाश बंसल ने मंगलवार को बताया कि पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से एडीआईपी योजना के तहत ये शिविर लगाये जा रहे हैं।
उपायुक्त ने बताया कि सभी शिविर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक आयोजित होंगे। तीन अगस्त को बीडीपीओ कार्यालय कपूरथला, चार अगस्त को बीडीपीओ कार्यालय सुल्तानपुर लोधी, पांच अगस्त को बीडीपीओ कार्यालय ढिलवां, छह अगस्त को बीडीपीओ कार्यालय नडाला तथा सात अगस्त को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) रेस्ट हाउस, फगवाड़ा में शिविर लगाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एएलआईएमसीओ) के विशेषज्ञ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण और मूल्यांकन करेंगे।
उपायुक्त के अनुसार योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 15 हजार रुपये तक तथा दिव्यांगजनों को 22,500 रुपये तक मूल्य के सहायक उपकरण नि:शुल्क उपलब्ध कराये जाएंगे। इनमें कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, चश्मे, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), चलने की छड़ी, ब्रेल किट तथा अन्य पुनर्वास संबंधी सहायक उपकरण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ केवल उन्हीं पात्र लाभार्थियों को मिलेगा, जिनकी मासिक आय 22,500 रुपये से अधिक नहीं है।
श्री बंसल ने सभी पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे शिविरों में आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा यूडीआईडी कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर पहुंचें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित