कपूरथला , अक्टूबर 07 -- पंजाब में कपूरथला जिले में 'मेरा घर मेरे नाम' (स्वामित्व) योजना के पहले चरण के तहत 105 लाभार्थियों को संपत्ति कार्ड वितरित किए गए।

योजना के तहत 'लाल डोरा' में रहने वाले लोगों को उनके आवासीय संपत्तियों के स्वामित्व का दस्तावेजी अधिकार उपलब्ध कराया जा रहा है। सुल्तानपुर लोधी में 62, कपूरथला में 21 और ढिलवां में 22 लाभार्थियों को संपत्ति कार्ड दिए गए। सुल्तानपुर लोधी में कपूरथला सुधार न्यास के अध्यक्ष सज्जन सिंह चीमा और उपमंडल मजिस्ट्रेट जसजीत सिंह ने बुधवार को लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए।

श्री चीमा ने कहा कि योजना का उद्देश्य उन आवासीय संपत्तियों का औपचारिक स्वामित्व रिकॉर्ड तैयार करना है, जिनके दस्तावेज लंबे समय से उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा कि इससे लाभार्थियों को अपने मकान एवं भूखंड पर स्वामित्व का प्रमाण मिलेगा तथा वे संपत्ति से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि संपत्तियों की पहचान के लिए गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण कराया गया। सर्वेक्षण से तैयार नक्शों को सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित कर लोगों से दावे एवं आपत्तियां मांगी गईं। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने प्राप्त आपत्तियों का निपटारा करने के बाद अंतिम रिकॉर्ड तैयार किया।

उपमंडल मजिस्ट्रेट जसजीत सिंह ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए संपत्ति मानचित्रण, सत्यापन और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित