कपूरथला , जुलाई 15 -- पंजाब में कपूरथला के दशमेश नगर कॉलोनी में मंगलवार देर रात शराब ठेकेदार के कर्मचारियों और दूसरे पक्ष के बीच हुए हिंसक संघर्ष एवं कथित फायरिंग की घटना में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गये।

घटना में कर्मचारियों की कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किये गये हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के क्रम और फायरिंग करने वाले पक्ष की पहचान की जा सके।

शराब ठेकेदार रमन कुमार ने आरोप लगाया कि उनके कर्मचारी गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह को दशमेश नगर कॉलोनी में अवैध शराब बिकने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर दोनों मौके पर पहुंचे और कथित अवैध गतिविधि रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान धारदार हथियारों से लैस कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की और मौके से फरार होने से पहले हवाई फायरिंग भी की।

घायल गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

उधर, सिटी थाना प्रभारी (एसएचओ) अमनदीप नाहर ने बुधवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाया है कि हवाई फायरिंग शराब ठेकेदार के कर्मचारियों की ओर से की गयी थी।

एसएचओ ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित