कपूरथला , अगस्त 01 -- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत निर्वाचन आयोग ने कपूरथला जिले में मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) करते हुए मतदान केंद्रों की संख्या 791 से बढ़ाकर 805 करने की मंजूरी दे दी है जिससे जिले में 14 नये मतदान केंद्र स्थापित किये जायेंगे और मतदाताओं को अधिक सुविधा मिलेगी।

उपायुक्त एवं जिला चुनाव अधिकारी आकाश बंसल ने शनिवार को बताया कि यह मंजूरी निर्वाचन आयोग के उस निर्देश के तहत दी गयी है, जिसके अनुसार 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाना था। इस मंजूरी के बाद जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 791 से बढ़कर 805 हो जायेगी।

विधानसभा क्षेत्रवार जानकारी देते हुए जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र में किसी भी मतदान केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होने के कारण यहां मतदान केंद्रों की संख्या 175 ही रहेगी।

कपूरथला विधानसभा क्षेत्र में 1,200 से अधिक मतदाताओं वाले सात मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है। इसके अलावा मतदान केंद्र संख्या-31 को विभाजित कर एक नया मतदान केंद्र बनाया गया है, जिससे यहां मतदान केंद्रों की संख्या 194 से बढ़कर 195 हो गई है। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 13 नए मतदान केंद्रों को मंजूरी मिली है। इसके साथ यहां मतदान केंद्रों की संख्या 195 से बढ़कर 208 हो जायेगी। फगवाड़ा (सु) विधानसभा क्षेत्र में चार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण मतदाताओं के पुनर्वितरण के माध्यम से किया गया है। इसलिए यहां किसी नये मतदान केंद्र की आवश्यकता नहीं पड़ी और कुल मतदान केंद्रों की संख्या 227 ही रहेगी।

श्री बंसल ने कहा कि इस प्रक्रिया से मतदान केंद्रों पर भीड़ कम होगी, मतदान दिवस पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा और चुनाव कर्मियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और मतदाता-अनुकूल चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि चुनाव संबंधी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन 1950 अथवा जिला प्रशासन की हेल्पलाइन 01822-233777 पर संपर्क करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित