कपूरथला , अगस्त 04 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बंसल ने मंगलवार को खरीफ विपणन सीजन (केएमएस) 2025-26 के तहत धान मिलिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा की। जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित बैठक में जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा कपूरथला जिला राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को बताया कि जिले में अब तक धान मिलिंग का लगभग 76 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष मिलिंग कार्य पूरा करने के लिए 37 अतिरिक्त राइस स्पेशल (रेल रैक) की आवश्यकता है, जिनमें से अकेले कपूरथला खरीद केंद्र के लिए लगभग 19 राइस स्पेशल चाहिए।
उपायुक्त ने लंबित मिलिंग कार्य पूरा करने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से राइस स्पेशल की उपलब्धता की जानकारी ली। एफसीआई अधिकारियों ने बताया कि अगस्त 2026 के लिए जिले को 11 राइस स्पेशल आवंटित किये गये हैं, जिनमें से चार कपूरथला केंद्र के लिये हैं। शेष आवश्यक रैक उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि शेष धान मिलिंग कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किये जायें तथा कार्य की नियमित निगरानी की जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार और जिला प्रशासन राइस मिलर्स की समस्याओं से पूरी तरह अवगत हैं तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। उपायुक्त ने मिलर्स को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित