कपूरथला , मई 12 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बांसल ने मंगलवार को खरीफ 2026 सीजन के दौरान किसानों को खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में विशेष जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है।

यह टास्क फोर्स केन्द्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत बनायी गयी है। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला उपायुक्त (विकास) कपूरथला करेंगे, जबकि कपूरथला पुलिस अधीक्षक , मुख्य कृषि अधिकारी (कन्वीनर), कृषि अधिकारी (मुख्यालय) और कृषि विकास अधिकारी नडाला इसके सदस्य होंगे।

आकाश बांसल ने बताया कि यह टास्क फोर्स खाद की बिक्री पर आईएफएमएस प्रणाली के जरिए कड़ी नजर रखेगी और किसी भी तरह की असामान्य बिक्री की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी या कृषि के अलावा अन्य कार्यों में इस्तेमाल किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उलंघन करने वालों के खिलाफ फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में खाद की नियमित आपूर्ति उपलब्ध है और किसी प्रकार की कोईकमी नहीं है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग के अधिकारियों या पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के विशेषज्ञों की सलाह अनुसार ही खाद का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को सही समय पर और सही स्थान पर खाद उपलब्ध हो।

इसके साथ ही किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड के अनुसार संतुलित खाद उपयोग करने तथा वैकल्पिक खाद जैसे एनपीके, एसएसपी और जैविक खाद अपनाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाये जाएंगे।

आकाश बांसल ने बताया कि यह टास्क फोर्स खरीफ सीजन के दौरान नियमित बैठकें करेगी और हर 15 दिन बाद अपनी रिपोर्ट डिप्टी कमिश्नर कार्यालय को सौंपेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित