कपूरथला , सितंबर 07 -- पंजाब में कपूरथला पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार कर 20 ग्राम हेरोइन, कथित नशा तस्करी की 5.50 लाख रुपये की रकम और एक .32 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया है। पुलिस ने बिना नंबर वाली कार भी कब्जे में ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने सोमवार को बताया कि सीआईए स्टाफ ने छह सितंबर को जांच और तलाशी अभियान के दौरान यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि अड्डा दीप यावल के पास एक आई-20 कार को रोककर उसमें सवार फिरोजपुर जिले के मोहन के उत्तर निवासी आकाशदीप सिंह और अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन और 5.50 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। इस संबंध में सुल्तानपुर लोधी थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में सीआईए टीम ने सूचना के आधार पर तलवंडी महिमा क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .32 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया। उसके खिलाफ सदर कपूरथला थाने में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जांच के दौरान नशे तथा अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े अन्य मामलों में खुलासे और बरामदगी की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित