फगवाड़ा , अगस्त 13 -- पंजाब में कपूरथला के ऐतिहासिक माता श्री भद्रकाली मंदिर के बाहर एक महिला भिखारी के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए और महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत सिटी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति मंदिर के बाहर बच्चों के साथ बैठी महिला के साथ कथित तौर पर चप्पलों से मारपीट करता दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उसने महिला को लात भी मारी। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मंदिर के सामने दुकान चलाता है।

आरोप है कि महिला के साथ मौजूद बच्चों ने उसकी मोटरसाइकिल के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की, जिससे वह गुस्से में आ गया और महिला के साथ मारपीट करने लगा। महिला ने हालांकि अभी तक इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है।

वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। बताया गया है कि महिला आयोग और मानवाधिकार कोर कमेटी ने भी मामले में कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।

पुलिस उपाधीक्षक सब-डिवीजन शीतल सिंह ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान वीडियो में महिला के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान शेखपुर निवासी पवन कुमार के पुत्र विकास शर्मा के रूप में हुई है। वह मंदिर के सामने दुकान चलाता है।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सिटी पुलिस थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित