कपूरथला , जनवरी 23 -- पंजाब में कपूरथला पुलिस ने 'गैंगस्टरों पर वार' मुहिम के तहत शहर के संतपुरा मोहल्ले में किराएदारों की शिनाख्त और तस्दीक करने की विशेष मुहिम चलायी जिससे संगठित अपराध पर और सख्ती से नकेल कसी जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने शुक्रवार को बताया कि राज्य पुलिस ने पिछले तीन दिनों से 'ऑपरेशन प्रहार' शुरू किया था, जिसका उद्देश्य गैंगस्टरों और अन्य पेशेवर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना था। आज की मुहिम में 12 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में किराएदारों की तस्दीक की गयी, जिसके लिए 46 पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की गयीं। उन्होंने बताया कि 566 किराएदारों की तस्दीक की गयी है, जबकि लगभग 426 दस्तावेज भी चेक किये गये हैं। इस दौरान पांच अनधिकृत कारें, 12 मोटरसाइकिल और 19 मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं।

एसएसपी तूरा ने बताया कि गैंगस्टरों पर वार मुहिम के तहत खतरनाक अपराधियों को पनाह देने या किसी भी प्रकार की सहायता करने वालों के खिलाफभी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में मकान/ दुकान मालिक अपने आवासीय और व्यावसायिक स्थान किराये पर देते हैं, लेकिन किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं करवाते, जिससे उनके मकानों आदि के दुरुपयोग की संभावना बनी रहती है और अनचाही घटना होने का खतरा हमेशा बना रहता है। लोग नजदीकी पुलिस साझा केंद्र में जाकर अपने किराएदार का पुलिस सत्यापन करवा सकते हैं, जिसके लिए बहुत मामूली शुल्क है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित