कपूरथला , जनवरी 21 -- पंजाब में कपूरथला जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बुधवार को बताया कि आठ जनवरी को जिले के गांव पिंड लखन कला में फायरिंग करने के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों ने 12 जनवरी को फगवाड़ा-होशियारपुर रोड पर सुधीर स्वीट शॉप पर भी गोलीबारी की थी।
एसएसपी तूरा ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना का पता लगाने के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया और तकनीकी तथा मानवीय बुद्धिमत्ता की सहायता से 14 जनवरी को आरोपी कमलप्रीत सिंह उर्फ पीता निवासी संधवा थाना बहिराम जिला नवां शहर, हरजीत सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी खैरा थाना सतनामपुरा जिला कपूरथला, गुरपाल सिंह उर्फ पाला पुत्र सुखजीवन सिंह निवासी खैड़ा थाना सतनामपुरा जिला कपूरथला, सुखराज सिंह उर्फ सुखा पुत्र हरदेव सिंह बीड़ पुआध थाना सदर फगवाड़ा जिला कपूरथला, धर्म सिंह उर्फ धामी पुत्र हरि सिंह निवासी मानीवाली चाचो की थाना सदर फगवाड़ा जिला कपूरथला, रूपिंदर सिंह पुत्र सुखबीर सिंह निवासी महेड़ू थाना सदर फगवाड़ा जिला कपूरथला को नामजद किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी कमलप्रीत सिंह, हरजीत सिंह, सुखराज सिंह, रूपिंदर सिंह को 14 जनवरी को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गयी दो गाड़ियां बरामद की गयी हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी गुरपाल सिंह, धर्म सिंह को 18 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों के पास से मैगजीन के साथ दो पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद करवाये गये। उन्होंने कहा कि आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल करके ऐसी अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित