यमुनानगर, 31अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा में श्री आदि बद्री मेला, 2026 के मेला प्रशासक सह उपमंडल अधिकारी व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह ने शनिवार को मेला क्षेत्र का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक अंतरराज्यीय श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री मेला 2026, 20 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक महर्षि वेद व्यास की कर्मस्थली व्यासपुर के तीर्थराज कपाल मोचन में आयोजित होगा। उन्होंने जानकारी दी कि श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री मेले की प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन 20 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
डॉ. कुलदीप सिंह, एसडीएम एवं प्रशासक, श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री माता मंत्रा देवी, श्री केदारनाथ मंदिर धार्मिक एवं पूजा स्थल बोर्ड, यमुनानगर ने कहा कि श्री कपाल मोचन मेले के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु तीन पवित्र सरोवरों - कपाल मोचन सरोवर, ऋण मोचन सरोवर और सूरज कुंड सरोवर में स्नान करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को कपाल मोचन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को अधिकतम सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई, दवाइयों, अस्थायी शौचालयों, पेयजल, सड़क मरम्मत, बिजली, खाद्य सामग्री, दूध आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पुलिस व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला परिसर में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाए, श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चिकित्सा सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात रहे, वहीं सड़कों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखनेके लिए पुलिस की पर्याप्त तैनाती की जाएगी और बैरिकेडिंग का कार्य भी समय पर पूर्ण कर लिया जाएगा।
डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि कपाल मोचन मेला हरियाणा के प्रमुख धार्मिक मेलों में से एक है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित