मनेंद्रगढ़ , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से नौ क्विंटल 19 किलो गांजा बरामद कर दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत चार करोड़ 59 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी गांजा ओडिशा से मध्यप्रदेश के कटनी ले जा रहे थे।

पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार मामला नागपुर चौकी क्षेत्र का है। रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे नागपुर चौकी के सामने वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा नंबर की दो पिकअप वाहन वहां पहुंचीं। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहनों में कपड़ों के बड़े-बड़े गट्ठर मिले। पुलिस ने जब इन गट्ठरों को हटाकर जांच की तो उनके नीचे बोरियों में रखे प्लास्टिक के पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए गांजे के पैकेटों को कपड़ों के गट्ठरों के बीच छिपा रखा था।

नागपुर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह ने बताया कि दोनों पिकअप से 200 से अधिक पैकेट बरामद हुए हैं, जिनका कुल वजन नौ क्विंटल 19 किलो है। बरामद गांजे की कीमत साढ़े चार करोड़ से ज्यादा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से माल लेकर कटनी जा रहे थे।

इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों महिलाएं मध्यप्रदेश के कटनी की रहने वाली हैं, जबकि चार पुरुष आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित