बारां , जुलाई 14 -- राजस्थान के बारां में कपड़ा व्यापार समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने अंता कस्बे में कपड़ा व्यापारी मनोज बत्रा के यहां हुई चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे की मांग को लेकर मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में समिति ने चोरी में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गये माल एवं नकदी की बरामदगी और पूरे मामले का शीघ्र पर्दाफाश करने की मांग की।
इस पर श्री अंदाशु ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस के विभिन्न दल लगातार कार्रवाई में जुटे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में राजस्थान से सटे मध्यप्रदेश के एक गिरोह की संलिप्तता की आशंका सामने आयी है। पुलिस द्वारा संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित