बैतूल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में पात्र होने के बावजूद पंजीयन नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। चिखली आमढ़ाना निवासी 21 वर्षीय सोनम ने कलेक्टर को आवेदन देकर जनपद पंचायत बैतूल के अधिकारियों पर लापरवाही और पक्षपात के आरोप लगाए हैं।
युवती का कहना है कि वह पिछले तीन-चार दिनों से लगातार जनपद पंचायत कार्यालय के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसका आवेदन जमा कर पंजीयन नहीं किया जा रहा है, जिससे वह योजना के लाभ से वंचित हो रही है।
आवेदन में सोनम ने आरोप लगाया कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवानी राय के कार्यालय में उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। उसने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव और अधिकारियों की मिलीभगत से अपात्र लोगों को लाभ दिया जा रहा है, जबकि पात्र हितग्राहियों की अनदेखी की जा रही है। युवती ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा शीघ्र पंजीयन कर योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित