कन्नौज , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के कोतवाली क्षेत्र में एसओजी टीम ने शुक्रवार को एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज चौहान उर्फ जसवंत (पुत्र राम आसरे), निवासी ग्राम नरई डीह, थाना तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 23 जनवरी को एसओजी को सूचना मिली कि वांछित इनामी अपराधी कन्नौज क्षेत्र में मौजूद है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तिवरी रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास, नायरा पेट्रोल पंप के समीप दोपहर 3:40 बजे आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दीं।
गिरफ्तार आरोपी के पास से लूट का माल भी बरामद किया गया है। बरामद वस्तुओं में चांदी की छोटी मूर्ति/मंड़ी (लगभग 10 ग्राम), चांदी का छल्ला (लगभग 2.7 ग्राम), एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिलऔर 16,680 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर घोषित इनाम भी रखा गया था।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी और उसके साथी टाइल्स लगाने का कार्य करते थे। इसी दौरान उन्होंने एक महिला के घर में नकदी और जेवरात होने की जानकारी जुटाई। विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए पीड़िता के घर में घुसकर लूटपाट की और विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार पीड़िता की मृत्यु दम घुटने की आशंका के कारण हुई, जिसकी जांच का कार्य जारी है। लूट के बाद आरोपी नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले भी एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि इनामी आरोपी पंकज चौहान उर्फ जसवंत लगातार फरार चल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित