लखनऊ , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने औद्योगिक विकास विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। शुक्रवार को जारी कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा के परिणाम में 50 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने चयन प्रक्रिया में निर्धारित मेरिट, आरक्षण और क्षैतिज आरक्षण के प्रावधानों का पालन किया है।

आयोग के अनुसार, प्रारंभ में कनिष्ठ सहायक के 62 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। बाद में विभाग से प्राप्त संशोधित अधियाचन के आधार पर पदों की संख्या घटाकर 54 कर दी गई। संशोधित पदों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है।

अंतिम चयनित 50 अभ्यर्थियों में 34 अनारक्षित, तीन अनुसूचित जाति, एक अनुसूचित जनजाति, सात अन्य पिछड़ा वर्ग और पांच आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं।

आयोग ने बताया कि क्षैतिज आरक्षण के तहत उपलब्ध अभ्यर्थियों को उनकी मूल श्रेणी में समायोजित किया गया है। महिला, दिव्यांगजन समेत अन्य क्षैतिज आरक्षण श्रेणियों में भी निर्धारित नियमों के अनुसार प्रक्रिया अपनाई गई। जहां किसी श्रेणी में निर्धारित पदों के सापेक्ष पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हुए, वहां नियमानुसार पदों को आगे बढ़ाते हुए अन्य पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

आयोग ने अंतिम परिणाम के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी की है। अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 65 अंक, ओबीसी की 62.50, ईडब्ल्यूएस की 63.75, अनुसूचित जनजाति की 50 और अनुसूचित जाति की 26.75 अंक रही। क्षैतिज आरक्षण में दिव्यांगजन की एएसडी/एचएच/डीई/ओएच श्रेणी की कटऑफ 54.75 अंक, दिव्यांगजन की अन्य श्रेणी की कटऑफ 44.25 अंक और महिला अभ्यर्थियों की कटऑफ 42 अंक दर्ज की गई।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि चयन परिणाम उच्च न्यायालय में लंबित संबंधित याचिकाओं में पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेगा। इसके अतिरिक्त पांच अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से चयन में शामिल किया गया है, जिनका अंतिम चयन आयोग के निर्णय के अधीन होगा।

आयोग के मुताबिक चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा, अभिलेख परीक्षण और आरक्षण संबंधी प्रावधानों के आधार पर पूरी की गई है। चयनित अभ्यर्थियों के नाम और श्रेणीवार कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित