चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- पंजाब पुलिस के एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने कनाडा से निर्वासित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी करमवीर सिंह को दिल्ली हवाई अड्डे से हिरासत में लिया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एजीटीएफ की टीम ने कनाडा से निर्वासन के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर करमवीर को हिरासत में लिया। आरोपी लुधियाना के गांव बहादुर के का निवासी बताया गया है।
उन्होंने बताया कि करमवीर ने अमेरिका में अनमोल बिश्नोई को कथित तौर पर लॉजिस्टिक सहायता और छिपने के लिए ठिकाना उपलब्ध कराया था। उसके खिलाफ एसएएस नगर के स्टेट क्राइम थाने में भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पंजाब एजीटीएफ ने आरोपी के खिलाफ तीन सितंबर, 2026 को लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) प्रमोद बान ने बताया कि करमवीर का पंजाब में व्यापक आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, सशस्त्र लूट, जबरन वसूली तथा शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न आरोपों से जुड़े कम से कम पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक नेटवर्क में संपर्कों, अवैध वित्तीय लेन-देन और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ उसके संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मोल्दोवा से जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के प्रमुख सहयोगी एवं वांछित अपराधी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को भारत लाए जाने की कार्रवाई के बाद हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित