चंडीगढ़ , दिसंबर 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर से यहां मुलाकात की।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य युवाओं के लिए कनाडा में रोजगार के नये अवसर विकसित करना और दोनों पक्षों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करना था। चर्चा के दौरान यह सहमति बनी कि हरियाणा के कुशल युवाओं को कनाडा में रोजगार में प्राथमिकता दी जाएगी।
संत कबीर कुटीर में हुई इस मुलाकात में सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने वेस्ट-टू-एनर्जी, विद्युत उत्पादन और कनाडा के खनन क्षेत्र में हरियाणा के युवाओं की भागीदारी पर भी विस्तृत बातचीत की।
इसके साथ ही कनाडा में हरियाणा के उद्यमियों को व्यापार स्थापित करने में सहयोग और हरियाणा में कनाडाई निवेश बढ़ाने के लिए एक विस्तृत रोडमैप पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कनाडा की यूनिवर्सिटी को हरियाणा में खोले जाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। यह बैठक विदेश सहयोग विभाग की पहल पर आयोजित की गयी।
बैठक के बाद श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को वैश्विक अवसर उपलब्ध कराने और राज्य को विकास के नये आयामों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है और विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। श्री सैनी ने दोहराया कि राज्य सरकार वर्ष 2047 तक हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक लेकर जाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा को वैश्विक निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए 'ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस' को प्राथमिकता दी गयी है। इसके लिए विदेश सहयोग विभाग लगातार राजदूतों और निवेशकों से समन्वय कर रहा है।
श्री कूटर ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में हरियाणा-कनाडा साझेदारी और मजबूत होगी तथा इसका सीधा लाभ राज्य के युवाओं को मिलेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले छह अक्टूबर को श्री सैनी के नेतृत्व में जापान गये प्रतिनिधिमंडल ने टोक्यो में जापानी निवेशकों से मुलाकात की थी। इस दौरान सेइरेन कंपनी के साथ 220 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता हुआ था, जिससे 1700 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा श्री सैनी ने जापान के मंत्रियों को 'हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026' के लिए आमंत्रित भी किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित