फगवाड़ा , जुलाई 14 -- पंजाब में शाहकोट पुलिस ने कनाडा भेजने का झांसा देकर 42 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक ट्रैवल एजेंट दंपती को गिरफ्तार किया है।

दोनों पर एक महिला से उसके पुत्र और पुत्री को यूनान से कनाडा भेजने का वादा कर बड़ी रकम हड़पने का आरोप है। शाहकोट के पुलिस उपायुक्त सरवण सिंह ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेवा सिंह, निवासी गांव सादिकपुर और उसकी पत्नी पालविंदर कौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मलसियां गांव निवासी कमलेश रानी ने जालंधर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी कि उसने पुत्र और पुत्री को यूनान से कनाडा भेजने के लिए आरोपियों को 42 लाख रुपये दिये थे। आरोप है कि दंपती ने न तो दोनों बच्चों को कनाडा भेजा और न ही रकम वापस की।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी), 34 (साझा मंशा) तथा ट्रैवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की ठगी तो नहीं की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित