ओटावा , अक्टूबर 18 -- कनाडा के अल्बर्टा स्थित एक सैन्य प्रशिक्षण अड्डे पर भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

रक्षा मंत्री डेविड मैकगुइंटी ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं को बड़ी संख्या में पीड़ितों को संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। श्री मैकगुइंटी ने 'कैनेडियन फोर्सेज बेस वेनराइट' में लगी इस आग में मरने वालों और घायलों की संख्या या आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं किया। उन्होंने स्थिति को 'बहुत गंभीर और नाजुक' बताया और कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।

कनाडाई सशस्त्र बलों ने कहा कि पीड़ितों के परिवारों को सूचित करने के बाद ही हताहतों की संख्या जारी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार शनिवार को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4 बजे पूर्वी-मध्य अल्बर्टा स्थित सैन्य अड्डे के प्रशिक्षण क्षेत्र में आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई और प्रशिक्षण क्षेत्र के बाहर तक पहुंच गई, जिसके बाद बड़े पैमाने पर आपातकालीन कार्रवाई शुरू की गई।

सीबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार वेनराइट शहर के अस्पतालों में मरीजों की संख्या इतनी अधिक हो गई कि उन्हें संभालना मुश्किल हो गया। इसके चलते अधिकारियों को घायलों को लगभग 210 किलोमीटर (130 मील) दूर एडमोंटन के चिकित्सा केंद्रों में भेजने का निर्णय लेना पड़ा। बड़ी संख्या में मरीजों के इलाज के लिए एडमोंटन में 'कोड ऑरेंज' आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया गया। शहर के 'रॉयल एलेक्जेंड्रा अस्पताल' के आपातकालीन विभाग के चिकित्सक डॉ. वॉरेन थिर्स्क ने इस घटना को 'हर 15 से 25 साल में एक बार होने वाली आपदा' करार दिया।

मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मदद के लिए एडमोंटन और कैलगरी से 'एसटीएआरएस' द्वारा संचालित एयर एम्बुलेंस हेलीकॉप्टर भेजे गए। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस आग को एक 'गंभीर घटना' बताया और कहा कि उनकी संवेदनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ ने इसे 'बहुत बड़ी और दुखद' घटना बताते हुए कहा कि इससे सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं।

रक्षा प्रमुख जनरल जेनी कैरिग्नन ने कहा कि सेना की पहली प्राथमिकता प्रभावित लोगों की मदद करना, आपातकालीन कर्मियों का सहयोग करना और सैन्यकर्मियों, उनके परिवारों तथा आसपास के समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की।

अधिकारियों ने बताया कि 'रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस' ने अड्डे पर मदद के लिए अपने कर्मियों को भेजा है। सस्केचेवान ने अल्बर्टा की मदद के लिए संसाधन उपलब्ध कराए हैं, जबकि ब्रिटिश कोलंबिया ने भी सहायता की पेशकश की है। वेनराइट के मेयर ब्रूस पुघ ने बताया कि आग अड्डे की सीमा पार कर गई थी लेकिन दमकल टीमों ने उस पर काबू पा लिया था। शहर के अस्पताल को प्राथमिक उपचार केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारियों ने निवासियों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने, आपातकालीन वाहनों के लिए सड़कें खाली रखने और केवल गंभीर चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए ही वेनराइट स्वास्थ्य केंद्र जाने का आग्रह किया। अभी तक कोई निकासी आदेश जारी नहीं किया गया था।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कनाडाई सशस्त्र बलों ने कहा कि जैसे ही और जानकारी उपलब्ध होगी, उसे जारी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित