हरिद्वार , मई 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली कनखल क्षेत्र में नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को सकुशल बरामद कर लिया।

मामले में शादी का झांसा देकर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले मां-बेटे को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दो मई को कनखल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम का गठन कर तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गहन पड़ताल के बाद सिडकुल क्षेत्र के रसूलपुर से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित