अमृतसर , अक्टूबर 02 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता एवं सिख चिंतक प्रो. सरचांद सिंह ख्याला ने अकाली नेता विरसा सिंह वल्टोहा और बहरीन से आयी एक महिला के बीच कथित वित्तीय लेन-देन से संबंधित वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग को लेकर वल्टोहा से कई सवाल पूछे हैं।
प्रो ख्याला ने कहा कि यदि ऑडियो से छेड़छाड़ नहीं हुई है और उसमें सुनायी दे रही आवाज वल्टोहा की है तो मामले की पूरी जांच जरूरी है। उन्होंने कथित ऑडियो में वल्टोहा की आवाज में सुनाई देने वाले वाक्य "यह मेरे द्वारा नहीं, ऊपर से ही तय हो गया" का उल्लेख करते हुए पूछा कि 'ऊपर' से उनका आशय किससे था। उन्होंने कहा कि यदि फोरेंसिक जांच में आवाज की पुष्टि होती है तो वल्टोहा को स्पष्ट करना चाहिए कि यह किसी वरिष्ठ अकाली नेता, संस्थागत निर्णय या किसी अन्य व्यक्ति की ओर संकेत था। यदि ऑडियो वास्तविक है तो कथित निर्णय का पूरा संदर्भ सामने आना चाहिए और यदि यह फर्जी है तो वल्टोहा को स्वयं फोरेंसिक जांच की मांग करनी चाहिए।
प्रो ख्याला ने बहरीन से महिला को पंजाब लाने के उद्देश्य और इसमें कथित रूप से शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला के महीनों तक शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति से संबंधित सरायों में रहने, उसके खर्च, सराय के रजिस्टर, बुकिंग रिकॉर्ड, भुगतान विवरण और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वल्टोहा पहले महिला के साथ किसी तरह के संबंध से इनकार करते रहे हैं, जबकि कथित ऑडियो में दोनों के बीच बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने इस विरोधाभास को भी जांच का विषय बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कथित ऑडियो में महिला द्वारा कई महीनों से पंजाब में फंसे होने, परिवार और बच्चों से दूर रहने तथा पासपोर्ट जब्त होने जैसे दावे किये जाने की बात सामने आयी है। इन दावों की सत्यता पुलिस जांच, दस्तावेजी साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच से तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लायी जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित