मुंबई , अगस्त 07 -- सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित ऑडियो क्लिप के मामले में महाराष्ट्र के नंदुरबार स्थानीय अपराध शाखा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश महामंत्री विजय चौधरी को गुरुवार रात धुले रोड से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से नंदुरबार सहित पूरे महाराष्ट्र के राजनीतिक हलकों में भारी हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई कथित ऑडियो क्लिप में भाजपा की पूर्व सांसद डॉ. हिना गावित, केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे और अन्य महिला जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणी की गयी है। डॉ. गावित के भाई की शिकायत पर नंदुरबार शहर पुलिस स्टेशन में विजय चौधरी के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इस विवाद के चलते भाजपा ने पहले ही चौधरी से इस्तीफा ले लिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित