दंतेवाड़ा , जनवरी 12 -- त्तीसगढ में दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी का कार्य पूरी तरह सुचारू और पारदर्शी ढंग से चल रहा है। प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि वे धान खरीदी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान ना दें।
एक आधिकारिक बयान में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। उन अफवाहों का खंडन किया गया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि मात्र 12 क्विंटल प्रति एकड़ ही खरीदा जा रहा है। किसानों को उनकी पूरी उपज के लिए नियमानुसार टोकन जारी किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ तत्वों द्वारा व्यवस्था को बाधित करने के लिए भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसानों से केवल चालू सीजन का साफ और सुखाया हुआ धान ही लाने की अपील की गई है।
हाल ही में मोखपाल धान खरीदी केंद्र पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा किसानों से हुई बातचीत में किसानों ने खरीदी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उन्हें टोकन मिलने और बोरा प्राप्त करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष हपारांम कोवाड़ी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने दोहराया कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार हो रही है और किसान किसी भी समस्या के लिए निर्धारित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित