पौड़ी , जून, 06 -- उत्तराखंड में पौड़ी जनपद मुख्यालय स्थित कण्डोलिया इंडोर स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त विकसित खेल परिसर के रूप में तैयार करने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को स्टेडियम और खेल कार्यालय का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैडमिंटन कोर्ट के सुदृढ़ीकरण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त हो चुकी फ्लोरिंग को बदलकर आधुनिक फ्लोरिंग और कोर्ट मैट स्थापित किए गए हैं। चार बैडमिंटन कोर्टों के उन्नयन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और शीघ्र ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल अवसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने स्टेडियम परिसर में स्थापित नई प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगाने, मुख्य प्रवेश द्वार पर फोकस लाइट स्थापित करने और आकर्षक साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्टेडियम परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए पाइपलाइन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, जालियों पर रंग-रोगन कराने तथा भवन के रखरखाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। लकड़ी से निर्मित संरचनाओं के संरक्षण के लिए गुणवत्तापूर्ण पॉलिश कराने को भी कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित