बैतूल , अक्टूबर 15 -- बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को ग्राम कढ़ाई पहुंचकर निर्माणाधीन कढ़ाई वुडन क्लस्टर का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाकर क्लस्टर का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने क्लस्टर में निवेश के इच्छुक निवेशकों के साथ आगामी सप्ताह में बैठक आयोजित करने को कहा। बैठक में निवेशकों को क्लस्टर में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
डॉ. सोनवणे ने ग्राम कढ़ाई में निर्माणाधीन फायर स्टेशन और अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्लस्टर तक सुगम आवागमन के लिए प्रस्तावित पहुंच मार्ग की योजना की समीक्षा की और सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे, सहायक संचालक उद्योग धीरज मंडलेकर, उद्योग संघों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। क्लस्टर के विकास से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित