जम्मू , सितंबर 28 -- जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में एक ट्रक ड्राइवर से एंट्री फीस लेते हुए पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) को सेवा से हटा दिया है तथा एक अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिये गये हैं।

ट्रक ड्राइवर द्वारा बनाये गये इस वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि लखनपुर चेक पॉइंट पर एक पुलिसकर्मी ड्राइवर से पैसे मांग रहा है। ड्राइवर 'बिल्टी' (माल की रसीद) नहीं दिखा पाया था और उसका कहना था कि ट्रक में लदे सामान के लिए बिल्टी की ज़रूरत नहीं है। गौरतलब है कि यह एंट्री पॉइंट कठुआ ज़िले में राज्य कर प्रवर्तन शाखा के अधिकार क्षेत्र में आता है।

लॉरी रसीद, जिसे आम तौर पर ट्रक बिल्टी कहा जाता है, एक कानूनी दस्तावेज़ है जिसे ट्रांसपोर्ट कंपनी या कैरियर सड़क मार्ग से सामान भेजने के लिए जारी करते हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि ट्रक ड्राइवर पुलिसकर्मी को 30 रुपये देने की पेशकश कर रहा था, जबकि पुलिसकर्मी 100 रुपये मांग रहा था क्योंकि ड्राइवर बिल्टी नहीं दिखा पाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित