धार , जून 25 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अलीराजपुर जिले के कट्टीवाड़ा के पूर्व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमल राठौर से जुड़े कथित 20.47 करोड़ रुपये के गबन और धन शोधन मामले में धार जिले के गंधवानी क्षेत्र स्थित 'श्री बालाजी धाम' कॉलोनी के 56 प्लॉट कुर्क कर दिए हैं। इन संपत्तियों का मूल्य छह करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार ईडी के इंदौर उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के तहत यह कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच ब्लॉक शिक्षा कार्यालय से फर्जी बिलों और कोषालय के माध्यम से 20.47 करोड़ रुपये के अवैध भुगतान किए गए थे।

ईडी के अनुसार मुख्य आरोपी कमल राठौर और अन्य सह-आरोपियों ने कथित रूप से सरकारी राशि का गबन कर उसे अपने तथा परिजनों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया और बाद में नकद निकासी की। इस राशि से धार जिले के गंधवानी क्षेत्र में कृषि भूमि खरीदी गई, जिसे बाद में 'श्री बालाजी धाम' नामक आवासीय कॉलोनी के रूप में विकसित किया गया।

जांच एजेंसी का कहना है कि कथित अपराध से अर्जित धन को वैध संपत्ति के रूप में दर्शाने के उद्देश्य से कॉलोनी विकसित की गई थी। इसी परियोजना के 56 आवासीय भूखंडों को कुर्क किया गया है।

ईडी इससे पहले भी मामले में छापामार कार्रवाई कर कई दस्तावेज जब्त कर चुकी है तथा बैंक खातों को फ्रीज किया गया था। मुख्य आरोपी कमल राठौर को धन शोधन के आरोप में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा आरोपियों की 4.43 करोड़ रुपये मूल्य की अन्य संपत्तियां भी पूर्व में कुर्क की जा चुकी हैं, जिसकी पुष्टि मार्च 2026 में हुई थी। मामले में सितंबर 2025 में इंदौर स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में अभियोजन शिकायत भी प्रस्तुत की जा चुकी है। जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित