कटिहार , सितंबर 13 -- बिहार में कटिहार जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने करीब पांच किलोग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जब्त स्मैक की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बतायी जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि उत्पाद विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल की ओर से स्मैक की बड़ी खेप कटिहार लायी जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने किरौरा रेलवे फाटक के समीप घेराबंदी की।
श्री कुमार ने बताया कि इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गयी। उसके पास से करीब पांच किलोग्राम स्मैक बरामद की गयी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद बशीर आलम के रूप में की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित