कटिहार , अप्रैल 15 -- बिहार में कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक संगठित मोबाइल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की देर रात सूचना प्राप्त हुई कि कुर्सेला थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित एक मकान में मोबाइल चोरी करने वाले अपराधी इकट्ठा होकर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि सूचना के आधार पर उक्त ठिकाने पर छापेमारी की गयी। इस दौरान 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।मौके से चोरी का 26 मोबाईल फोन और मोटरसाईकिल बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि सभी मिलकर एक संगठित गिरोह के रूप में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे तथा चोरी के मोबाइलों को बेच दिया करते थे।सभी अभियुक्तों के विरूद्ध पूर्व में भी साइबर थाना एवं पोठिया थाना कांड दर्ज है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित