कटिहार , मार्च 16 -- बिहार में कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में 14 मार्च को कार सवार से हुयी लूट में मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा तीन विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 कोढ़ा रंजन कुमार सिंह ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 14 मार्च की रात करीब 9:30 बजे पोठिया थाना क्षेत्र के पोटिया निवासी आलमगीर अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ कार से रंगाकोल मोड़, भंगहा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान ढाबा के समीप अपराधियों ने कार को रोककर हमला कर दिया और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर आलमगीर का मोबाइल फोन तथा करीब 19 हजार रुपये लूट लिये।
श्री सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर पोठिया थाना में कांड संख्या 65/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए भंगहा निवासी सूरज कुमार महलदार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया।पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, दो अन्य मोबाइल, 2,900 रुपये ,लोहे की जंजीर तथा तीन लोहे के रॉड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार महलदार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित