भोपाल , जून 24 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 24 मई को कटारा हिल्स स्थित इकोलॉजिकल पार्क के पास पुलिया किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी पहचान में समय लगा। बाद में मृतक की पहचान भोपाल निवासी एक युवक के रूप में हुई, जो मंडीदीप स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन गायब पाया गया। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस एक व्यक्ति तक पहुंची, जिसने बताया कि उसने मोबाइल अजय मायना नामक युवक से खरीदा था।
इसके बाद पुलिस ने अजय मायना को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसकी मुलाकात नशे की हालत में मिले युवक से हुई थी। वह उसे अपने साथ पुलिया के नीचे ले गया, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी ने पत्थर से हमला कर युवक की हत्या कर दी और उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित