इटावा , मई 30 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में कटहल की बिक्री से प्राप्त धनराशि के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक युवक पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार इकदिल क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में पुश्तैनी कटहल के पेड़ से प्राप्त फलों की बिक्री के बाद रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान एक महिला ने अपने देवर पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

घायल युवक अर्जुन ने बताया कि परिवार में तीन भाइयों का कटहल के पेड़ पर समान अधिकार है। उसके अनुसार पेड़ के फल 1,800 रुपये में बेचे गए थे। वह अपने हिस्से के 600 रुपये मांगने के लिए अपनी भाभी लाली के पास गया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उस पर तेजाब फेंक दिया गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल अर्जुन को उपचार के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इकदिल थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) अभय नारायण राय ने भी बताया कि पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और पीड़ित परिवार से शिकायत प्राप्त होने के बाद आरोपित के विरुद्ध उपयुक्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित