जबलपुर , सितंबर 04 -- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कटनी के 400 केवी सबस्टेशन का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

श्री तिवारी ने 400 केवी सबस्टेशन से 132 केवी सबस्टेशन शांति नगर कटनी के लिए ट्रांसमिशन लाइन की क्षमता वृद्धि के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह लाइन कटनी शहर के अलावा 132 केवी सबस्टेशन स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा एवं मनसकरा के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्षमता वृद्धि का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि पुराने कम क्षमता वाले कंडक्टर को आधुनिक तकनीक के अधिक क्षमता वाले एचटीएलएस कंडक्टर से बदला जा रहा है। इससे 132 केवी सबस्टेशन कटनी में पहले की तुलना में करीब तीन गुना अधिक विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कार्य की गंभीरता को देखते हुए इसे प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रबंध संचालक ने 400 केवी सबस्टेशन में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। स्लीमनाबाद एवं ढीमरखेड़ा के लिए बनाए जा रहे दूसरे सर्किट के निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए इसे भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

श्री तिवारी ने मुख्य अभियंता टेस्टिंग एमए मंसूरी को आगामी रबी सीजन से पहले सभी पोस्ट मानसून मेंटेनेंस कार्य पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि बिरसिंहपुर जनरेटिंग स्टेशन से मिलने वाली 700 मेगावाट और सतना से मिलने वाली 50 मेगावाट बिजली का समुचित उपयोग किया जा सके। उन्होंने 400 केवी सबस्टेशन में महत्वपूर्ण उपकरणों की शिफ्टिंग का कार्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।

उन्होंने रेलवे के लिए एक अतिरिक्त ट्रैक्शन फीडर तैयार करने की संभावनाओं पर भी अधिकारियों से चर्चा की तथा सबस्टेशन में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों से संवाद किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता टेस्टिंग एमए मंसूरी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता टेस्टिंग आरसी शर्मा, कार्यपालन अभियंता ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस एसके मुड़ा, कार्यपालन अभियंता आरआर पटेल, सहायक अभियंता एसके चतुर्वेदी, मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित