मुंबई , सितंबर 21 -- अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में नरमी से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में लिवाली देखी गई और प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 564.03 अंक (0.76 प्रतिशत) चढ़कर 74,858.99 अंक पर पहुंच गया। बाजार में शुरू से ही तेजी रही। दिन के कारोबार में यह ऊपर 74,987.40 अंक और नीचे 74,454.18 अंक तक गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक सुबह मामूली गिरावट में खुला था, लेकिन कुछ ही देर में हरे निशान में पहुंच गया। कारोबार की समाप्ति पर यह 67.90 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी में 23,414.30 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के मुकाबले इसकी तेजी कम रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल आज करीब तीन प्रतिशत टूट गया। यह फिलहाल 101 डॉलर प्रति बैरल से नीचे है। इससे दुनिया के दूसरे बाजारों के साथ-साथ घरेलू बाजार में निवेश धारणा को समर्थन मिला।

प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में ज्यादातर सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.02 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.07 प्रतिशत टूट गया।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में एफएमसीजी, फार्मा, रियल्टी, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों के शेयरों में लिवाली ज्यादा देखी गई। धातु और आईटी समूहों के सूचकांक फिसल गए।

एनएसई में जिन 3,705 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,858 के शेयर लाल निशान में और 1,735 के हरे निशान में रहे। अन्य 112 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयर मजबूत बंद हुए। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 4.11 प्रतिशत चढ़ा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 3.42 फीसदी, इटरनल में 2.59 फीसदी और टाइटन में 2.49 प्रतिशत की तेजी रही। आईटीसी का शेयर 1.93 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 1.78, सन फार्मा का 1.77 और एशियन पेंट्स का 1.70 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

एचडीएफसी बैंक का शेयर 1.49 प्रतिशत, टीसीएस का 1.39, ट्रेंट का 1.33, एलएंडटी का 1.20, बीईएल का 1.19 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.11 प्रतिशत ऊपर रहा। इंडिगो, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे।

भारती एयरटेल का शेयर 1.93 प्रतिशत लुढ़क गया। पावरग्रिड में 1.15 फीसदी और इंफोसिस में 0.97 फीसदी की गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स और टाटा स्टील में भी नीचे बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित