मुंबई , जुलाई 23 -- अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी के कारण रुपया गुरुवार को 20 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 96.73 रुपये प्रति डॉलर बोला गया।

यह रुपये का अब तक का दूसरा न्यूनतम स्तर है। इसका न्यूनतम बंद स्तर 20 मई 2026 को 96.87 रुपये प्रति डॉलर दर्ज किया गया था।

पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 28 पैसे गिरकर 96.53 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।

रुपया आज 96.53 रुपये प्रति डॉलर पर स्थिर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 96.43 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। अंत में यह 96.73 रुपये प्रति डॉलर तक टूटकर उसी स्तर पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी से रुपये पर दबाव रहा। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज 6.5 प्रतिशत उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया।

दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर सूचकांक आज 0.3 प्रतिशत मजबूत हुआ। इससे भी भारतीय मुद्रा कमजोर हुई। हालांकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय पूंजी बाजार में 17.18 करोड़ का शुद्ध निवेश करने से रुपये की गिरावट सीमित रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित