नयी दिल्ली , मई 26 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद वह जनता को राहत नहीं दे रही है बल्कि अपना खजाना भरने में मशगूल है।

श्री खरगे ने मंगलवार को आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 26 मई 2014 को जब नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद संभाला था, उस समय भारतीय बास्केट का कच्चा तेल 108.05 डॉलर प्रति बैरल था और डॉलर-रुपया विनिमय दर 58.59 रुपये थी। तब पेट्रोल 71.51 रुपये और डीज़ल 56.71 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था।

उन्होंने कहा कि आज कच्चे तेल की कीमत 99 डॉलर प्रति बैरल से कम है, लेकिन पेट्रोल और डीज़ल के दाम बढ़कर क्रमशः 102.12 रुपये और 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। श्री खरगे ने कहा कि इस दौरान पेट्रोल करीब 42.8 प्रतिशत और डीज़ल करीब 67.9 प्रतिशत महँगा हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित