नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- सरकार ने विपणन सीजन 2026-27 के लिए कच्चे जूट के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को 275 रूपये क्विंटल बढ़ाते हुए 5,925 प्रति क्विंटल तय कर दिया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 'सेवातीर्थ' में मंत्रिमंडल की मंगलवार को हुई पहली बैठक में लिए गये निर्णयों की जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी।

विपणन सीजन 2026-27 के लिए कच्चे जूट का घोषित यह समर्थन मूल्य, साल 2018-19 के बजट में घोषित लागत के कम से कम 1.5 गुना के स्तर पर एमएसपी तय करने के सिद्धांत के अनुरूप है।

कच्चे जूट की एमएसपी साल 2014-15 में 2400/- रुपये प्रति क्विंटल थी जो अब बढ़ाकर 2026-27 में 5,925/- रुपये प्रति क्विंटल हो गयी है। यह 3,525/- रुपये प्रति क्विंटल (2.5 गुना) की वृद्धि को दर्शाता है।

वर्ष 2014-15 से 2025-26 की अवधि के दौरान जूट किसानों को भुगतान की गयी राशि 1342 करोड़ रुपये थी, जबकि 2004-05 से 2013-14 की अवधि के दौरान भुगतान की गयी राशि 441 करोड़ रुपये थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित