हरदोई , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में एक कच्चा मकान ढह जाने से मलबे में दबकर एक वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व तीन मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बीती रात करीब पौने 12 बजे क्षेत्र के बंजारापुरवा गांव में भारी बारिश के बीच महबूब (30) पुत्र हाशिम का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त पूरा परिवार सो रहा था, जिससे महबूब, उसकी पत्नी नफीसा और उनके तीन बच्चे मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू कर सभी पांचों घायलों को मलबे से बाहर निकाला। सभी को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान महबूब को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल महिला और तीनों बच्चों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित