चंदौली , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के चंदौली में सैयदराजा पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से कोयला लदे ट्रक लूटकांड में करीब दो साल से वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर चंदौली कचहरी के पास घेराबंदी कर आरोपी सलमान (22) को दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, नवंबर 2024 में 25 टन कोयला लदा ट्रक डेहरी से सीतापुर के लिए रवाना हुआ था। 28 नवंबर की रात सैयदराजा क्षेत्र के बगही कुंभापुर के पास ट्रक लूटे जाने की सूचना मिली। काफी तलाश के बाद ट्रक का पता नहीं चलने पर वादी ने चालक और खलासी पर लूट में शामिल होने का संदेह जताया था। इस मामले में सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में वांछित अभियुक्त सलमान पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी मरखामऊ, थाना मऊआइमा, प्रयागराज पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ प्रयागराज, जौनपुर और चंदौली में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी और चोरी के माल से संबंधित नौ मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित