अलवर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान में अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में नांगल पलखड़ी गांव में गुरुवार को खेत पर सूखे कचरे को जलाते समय एक बालिका गंभीर रूप से झुलस गई।

बालिका के पिता साजिद ने शुक्रवार को बताया कि उनकी बेटी मुस्तुका (14) शाम को खेत पर कड़बी का सूखा कचरा एकत्रित कर रही थी। इसी दौरान अचानक कचरे में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से उसके दुपट्टे तक पहुंच गईं और देखते ही देखते उसके पूरे कपड़ों में आग लग गई।

बालिका की चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। हादसे में मुस्तुका गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित